रीवा के वार्ड-5 में 13 वर्षीय कान्हा पुरवार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्कूल से घर आने के बाद बच्चा कमरे में गया और दुपट्टे का फंदा बना लिया। दादी उसे खाना खाने के लिए बुलाने गईं, तो उसे फांसी के फंदे से लटका देखा। घर वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नालों के ‘जहरीले’ पानी से उगाई जा रही सब्जियां, हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
जबलपुर हाईकोर्ट में पेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के ओमती, मोती और खूनी नालों के पानी में बैक्टीरिया का स्तर मानक सीमा से बहुत अधिक है। इस अनुपचारित सीवर जल से उगाई जा रही सब्जियां कैंसर जैसी बीमारियों का कारण बन सकती हैं। हाईकोर्ट की युगलपीठ ने सरकार को प्रदूषण बोर्ड के सुझावों पर तुरंत अमल करने और अगली सुनवाई 2 फरवरी तक रिपोर्ट देने को कहा है।
धार : BJP विधायक को धमकाने वाले दंपती फरार
धार के धरमपुरी विधायक कालुसिंह राठौड़ से 2 करोड़ रुपये की मांग करने वाले दंपती, दीपिका और कासिम, पर पुलिस ने एक और केस दर्ज किया है। विधायक को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के बाद अब महिला पर अपने ही परिवार को डराने, मारपीट करने और 1 लाख रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप लगा है।
सास-बहू के विवाद में बहू ने खाया जहर, मौत
शिवपुरी के इमलाऊदी गांव में बुधवार घी को लेकर सास-बहू के बीच विवाद हो गया। इस विवाद में बहु सोनम जाटव ने गुस्से में आकर जहरीली दवा खा ली। घर वाले उसे जल्दी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनम की शादी 2018 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं।
जमीनी विवाद में चलीं गोलियां, भाई को लगी गोली, दो घायल
पन्ना जिले के कृष्णगढ़ में जमीनी विवाद के चलते एक ही परिवार में फायरिंग हो गई। सबीना अख्तर और उनके देवर अफजल खान के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को बहस के दौरान अफजल ने सबीना के भाई मोहम्मद रईस पर गोली चला दी। रईस को गोली लगने और अफजल को सिर में चोट आने के कारण दोनों को जबलपुर रेफर किया गया है।
सकोर में दुखद घटना, तालाब में डूबी 9 साल की बच्ची
दमोह के सकोर गांव में आज दोपहर एक 9 वर्षीय बच्ची तालाब के पास खेल रही थी। तभी अचनाक वह गायब हो गयी, परिजनों के ढूंढ़ने पर वह तालाब के पानी में मिट्टी में फंसी हुई मिली। बाहर निकलकर उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की पहचान माया, पिता मूलचंद पटेल, के रूप में हुई है।
वर्ल्ड कप में नया इतिहास रचने को तैयार 14 साल का भारतीय शेर
भारतीय अंडर-19 टीम के स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी वर्ल्ड कप 2026 में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते हैं। टूर्नामेंट से पहले उनके नाम 18 मैचों में 80 छक्के दर्ज हैं। 14 साल के वैभव ने हाल ही में SA के खिलाफ 63 गेंदों में शतक जड़ा था। उनके आक्रामक खेल को देखते हुए उम्मीद है कि वह इस वर्ल्ड कप में 100 छक्कों का ऐतिहासिक माइलस्टोन पार कर लेंगे।
खेलते-खेलते गर्म सांभर के बर्तन में समाई बच्ची, इलाज के दौरान मौत
तेलंगाना के खम्मम जिले में 3 साल की बच्ची रम्यश्री की गर्म सांभर के बर्तन में गिरने से मौत हो गई। हादसा 18 दिसंबर को उस समय हुआ जब घर में आयोजित भोज के दौरान वह सीढ़ियों के पास खेल रही थी और संतुलन बिगड़ने से उबलते सांभर में गिर गई। हैदराबाद के अस्पताल में एक महीने तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया।
कोलंबो में भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, मिनटों में बिके टिकट
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच के टिकटों के लिए भारी मारामारी दिखी। टिकट बिक्री शुरू होते ही लाखों की संख्या में फैंस ने बुकमायशो पर लॉगिन किया, जिससे सर्वर ओवरलोड होकर क्रैश हो गया। आईसीसी ने इस तकनीकी समस्या को जल्द ठीक कर टिकट बिक्री फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया है।
ईरान पर जंग का खतरा, ट्रंप की चेतावनी के बाद अमेरिकी बेड़े रवाना
ईरान में प्रदर्शनकारियों पर हो रहे अत्याचार को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त चेतावनी दी है। ट्रंप के बयान के बाद अमेरिकी नौसेना की हलचल बढ़ गई है, जिसके जवाब में ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। प्रदर्शनों में हजारों लोगों के मारे जाने की खबरें हैं। हालांकि, ईरान ने फांसी की सजा टालने का संकेत दिया है, जिसे अमेरिका ने एक सकारात्मक कदम बताया है।