छिंदवाड़ा जिले के नवेगांव थाना क्षेत्र में नीमढाना मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना हिरदागढ़ और नवेगांव के बीच मेंहदावीर के पास सोमवार रात की है।
बुरहानपुर : आज इन इलाक़ों में 5 घंटे बंद रहेगी बिजली
बिजली कंपनी के अनुसार, आज शंकर टॉकीज, पांडुमल चौराहा, दौलतपुरा, राजघाट, किला पुलिस लाइन, कसेरा बाजार, शिकारपुरा थाना, गौशाला प्रतापपुरा, 100 खोली क्षेत्र, गुर्जर भवन, संजय नगर पार्ट-बी, दत्तात्रय नगर, रास्तीपुरा, सरस्वती नगर, लक्ष्मीनगर, सिंधी बस्ती, नगर निगम कार्यालय, प्रगति नगर, राजीव नगर और गीता सांई नगर सहित आसपास के कई इलाकों में करीब 5 घंटे बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
खरगोन : भाजपा नेताओं ने असिस्टेंट अकाउंटेंट से मंगवाई माफी, हार्ट अटैक से मौत
ज़िले के बिस्टान में लोन फाइल रोकने का आरोप लगाकर भाजपा नेताओं ने सहकारी सोसायटी के असिस्टेंट अकाउंटेंट अनीस उद्दीन जिलानी से अभद्रता की और माफी मंगवाई । इस दौरान जिलानी का ब्लड प्रेशर बढ़ गया और बैंक में ही हार्ट अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई । परिजनों ने एफआईआर की मांग को लेकर पोस्टमार्टम नही होने दिया है।
खंडवा जिला पंचायत अध्यक्ष पति पर लगे गंभीर आरोप
खंडवा जिला पंचायत की अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े के पति सुदेश वानखेड़े पर सरपंचों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सरपंचों ने सीएम हेल्पलाइन पर बाकायदा शिकायत दर्ज करवाते हुए अध्यक्ष पति पर पैसे मांगने, दबाव बनाने और बदनामी की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए है । और सबूत के तौर पर फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है । अब मामला अधिकारियों के संज्ञान में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का आज भीकनगांव दौरा
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज, 20 जनवरी को जिले के भीकनगांव का दौरा करेंगे। वे सुबह 11 बजे इंदौर से प्रस्थान कर दोपहर 1 बजे भीकनगांव पहुंचेंगे। वहां वे बिंजलवाड़ा परियोजना से पीड़ित किसानों से चर्चा करेंगे और एक विशाल ‘किसान सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे उनका वापस इंदौर आगमन होगा।
Tata Capital से लेकर Adani Power तक, आज फोकस में रहेंगे ये बड़े शेयर
आज शेयर बाज़ार में टाटा कैपिटल, ओला इलेक्ट्रिक, अडानी पावर, LTIMindtree जैसी कई कंपनियों के शेयर फोकस में रहने वाले हैं । ITC होटल्स, AU स्मॉल फाइनेंस बैंक, केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी, क्रेडिटएक्सेस ग्रामीण, साइएंट DLM, गुजरात गैस, इंडियामार्ट इंटरमेश, जम्मू एंड कश्मीर बैंक, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स, रैलीस इंडिया, SRF, टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र), यूनाइटेड स्पिरिट्स और विक्रम सोलर आज अपने तिमाही नतीजे घोषित करेंगे ।
‘शिवसेना ने BMC के मेयर पद ठोका दावा’
BMC चुनाव 2026 के नतीजों के बाद सोमवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने मुंबई के मेयर पद पर अपना दावा पेश किया है । डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का कहना है कि मुंबई की जनता ने उन्हें जनादेश दिया है। अब मेयर पद को लेकर अब महायुति गठबंधन के भीतर खींचतान और कूटनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अश्लील वीडियो वायरल होने पर डीजीपी रामचंद्र राव पर सरकार का बड़ा ऐक्शन
कर्नाटक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी, डीजीपी (सिविल राइट्स एन्फोर्समेंट) के पद पर तैनात रामचंद्र राव को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद सरकार ने बड़ा ऐक्शन लेते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में उन्हें महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करते देखा गया, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने यह सख्त कार्रवाई की।
साइना नेहवाल ने बैडमिंटन से लिया संन्यास
ओलंपिक पदक विजेता भारतीय स्टार साइना नेहवाल ने बैडमिंटन से संन्यास की पुष्टि करते हुए कहा कि उनका शरीर अब एलीट खेल की मांगों के अनुरूप उनका साथ नहीं दे रहा है । लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेता साइना ने आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच 2023 सिंगापुर ओपन में खेला था ।
मुंबई में अक्षय कुमार के काफिले की कार का हुआ ऐक्सिडेंट
मुंबई के जुहू में सोमवार रात 9 बजाए के क़रीब एक तेज रफ्तार मर्सिडीज ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर अक्षय कुमार के काफिले की इनोवा से टकरा गया। हादसे के वक्त अक्षय और उनकी पत्नी दूसरी कार में सवार थे । राहत की बात यह है कि अभिनेता और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है।