महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का प्लेन पुणे ज़िले के बारामती में जिस जगह पर क्रैश हुआ उसका गूगल मैप सामने आया है। गौरतलब है, यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे हुई और अजित एक चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। घटना में अजित समेत 5 लोगों की मौत हुई है।
आदिवासी छात्रावास से 3 छात्र लापता, तलाश में जुटी पुलिस
जबलपुर के रामपुर स्थित एकलव्य आदिवासी छात्रावास से तीन छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को रात का खाना खाने के बाद से तीनों का कोई सुराग नहीं मिला है। लापता छात्र बालाघाट और सिवनी के रहने वाले हैं। घटना के बाद से हॉस्टल साफ़-साफ़ जवाब नहीं दे पा रहा है, जिससे परिजनों में आक्रोश है।
मेडिकैप्स यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप, आरोपी गिरफ्तार
महू में मेडिकैप्स यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी तुषार वर्मा ने छात्रा को झांसा दिया कि वह उसके कॉलेज का परिचित है और हॉस्टल छोड़ने के बहाने उसे अपने साथ ले गया, जहाँ उसने इस वारदात को अंजाम दिया। किशनगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
MP Weather Update : 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में एक साथ तीन मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मौसम विभाग ने ग्वालियर और रीवा संभाग सहित 14 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड के चलते ग्वालियर और शिवपुरी में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों और आंगनबाड़ियों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है।
इंदौर ब्रेकिंग: मिठाई शॉप के मैनेजर की सड़क हादसे में मौत
खजराना क्षेत्र में रोबोट चौराहे के पास देर रात काम खत्म कर घर लौट रहे मिठाई शॉप के स्टोर मैनेजर राजकुमार (40) को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जब वे घर नहीं पहुंचे और परिजनों ने फोन किया, तब हादसे का पता चला। इलाज के दौरान उन्होंने एमवाय अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
विदिशा न्यूज़ : कांग्रेस सेवा दल का बड़ा सम्मेलन आज
विदिशा में आज कांग्रेस सेवा दल का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इस बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को अनुशासन और जनसेवा के माध्यम से जनता के बीच जाने का मंत्र देंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कांग्रेस के आधार को और भी अधिक मजबूत बनाना है।
एसपी बंगले के सामने दो गुटो में मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार
एसपी बंगले के सामने मंगलवार रात दो गुटों में जमकर मारपीट और पथराव हो गया। पुराने विवाद के चलते लवकुश और कृष्णा सिकरवार के पक्ष आपस में भिड़ गए। हमलावरों ने लवकुश की कार पर पत्थर बरसाकर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बंगले के बाहर बवाल की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को गिरफ्तार कर लिया।
पीएम मोदी ने अजीत पवार के निधन पर जताया शोक
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुखद विमान हादसे से बहुत दुख हुआ। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिले, इसके लिए प्रार्थना करता हूं।’ बता दें कि आज सुबह बारामती में हुए विमान हादसे में अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई है ।
जबलपुर आइकॉनिक ब्रिज हादसे में नया ट्विस्ट, दिल्ली से होगी जांच
जबलपुर में नर्मदा नदी पर बन रहे 300 करोड़ के ‘आइकॉनिक ब्रिज’ हादसे की अब हाई-लेवल जांच होगी। 25 जनवरी की रात हुए इस हादसे में एक मजदूर की मौत और दो घायल हुए थे। NHAI ने इसकी रिपोर्ट दिल्ली भेज दी है, जहां विशेषज्ञ समिति तकनीकी खामियों और लापरवाही की जांच करेगी। सुरक्षा नियमों की अनदेखी को इस हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
चांदनी चौक ब्लास्ट अपडेट: बंदूक दुकान के मालिक यूसुफ अली की मौत
रतलाम के चांदनी चौक की बंदूक दुकान में हुए धमाके में घायल दुकानदार यूसुफ अली (58) की इलाज के दौरान इंदौर में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि झुलसने के बाद इलाज के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। 26 जनवरी की शाम हुए इस ब्लास्ट में कुल 4 लोग झुलसे थे। आज दुकान फॉरेंसिक टीम जांच के लिए खोलेगी।