जयपुर में NH-48 पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार एम्बुलेंस पलटने से दो भाइयों की मौत हो गई। झुंझुनूं निवासी सिराजुद्दीन को हार्ट अटैक आने पर अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे में सिराजुद्दीन और उनके भाई फिरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर और नर्सिंगकर्मी सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेजुबानों के साथ क्रूरता: 5 कुत्तों को दिया जहर, चार की मौत
भोपाल के लक्ष्मी कैंपस इलाके में अज्ञात लोगों ने 5 आवारा कुत्तों को जहर दे दिया, जिसमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से बीमार है। स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों की शिकायत पर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस CCTV की मदद से दोषियों की तलाश कर रही है।
वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया पस्त, चौथे टी20 में न्यूजीलैंड ने खोली पोल
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के प्रदर्शन पर सवालिया निशान लग गया है। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों फ्लॉप रही, जिससे सीरीज के साथ-साथ टीम की तैयारियों की पोल खुल गई है। वर्ल्ड कप से ठीक पहले मिली इस करारी हार ने चयनकर्ताओं और कप्तान की चिंताओं को बढ़ा दिया है।
पुजारी ही निकला मास्टरमाइंड, 10 लाख का माल जब्त
जयपुर के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। मंदिर का पुजारी (अमन तिवारी) ही चोरी का मुख्य आरोपी निकला। उसने अपने साथी सत्यम के साथ मिलकर चांदी के 9 छत्र और शेषनाग चुराए थे। राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस ने अनूपपुर से आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 10 लाख रुपये की चांदी बरामद की है।
दरगाह के अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भारी फोर्स तैनात
मध्य प्रदेश के देवास में दरगाह के अवैध निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण को हटा दिया है। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस उपद्रवियों पर नजर रख रही है।
फौजी पर दुष्कर्म का आरोप, नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर की दरिंदगी
ग्वालियर में एक सेना के जवान पर युवती के साथ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी रामनिवास ने शादी का झांसा देकर युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और बाद में शादी से मुकर गया। पुलिस ने आरोपी फौजी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कन्नड़ एक्टर पर ड्रंक ड्राइविंग का केस, फॉर्च्यूनर ने 4 कारों को मारी टक्कर
कन्नड़ अभिनेता और ‘बिग बॉस’ फेम मयूर पटेल के खिलाफ बेंगलुरु में शराब पीकर गाड़ी चलाने और दुर्घटना करने का मामला दर्ज किया गया है। बुधवार रात ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर उनकी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने सिग्नल पर खड़ी चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। जांच में अभिनेता के नशे में होने और कार का बीमा खत्म होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
हनुमान मंदिर पर गिरा विशाल बरगद, 200 साल पुरानी मूर्ति क्षतिग्रस्त
बुरहानपुर के तिलक वार्ड में तेज आंधी और बारिश के कारण एक विशाल बरगद का पेड़ हनुमान मंदिर पर गिर गया। जिससे करीब 200 साल पुरानी मूर्ति और मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इससे मस्जिद को भी मामूली नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद भी नगर निगम ने सिर्फ छंटाई कर खानापूर्ति की थी।
DAVV इंदौर : यूजी फर्स्ट ईयर का परीक्षा पैटर्न बदला
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) ने यूजी प्रथम वर्ष के परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया है। नई शिक्षा नीति के तहत अब ऑब्जेक्टिव (OMR) परीक्षाएं खत्म कर दी गई हैं और फाउंडेशन कोर्स सहित सभी पेपर थ्योरी आधारित होंगे। छात्रों को अब 9 के बजाय 10 थ्योरी पेपर देने होंगे। साथ ही, अब छात्रों को दो के बजाय तीन मेजर विषय चुनना अनिवार्य कर दिया गया है।
सागौनी में खौफनाक हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या
दमोह के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के सागौनी गांव में 30 वर्षीय युवक विनोद अहिरवाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। विनोद दमोह से फाइनेंस समूह की वसूली के लिए निकला था, लेकिन बुधवार सुबह उसका शव संदिग्ध हालत में मिला। हत्यारों ने पत्थर से उसका सिर कुचल दिया था। परिजनों ने सिर में गोली मारे जाने का भी संदेह जताया है।